
यात्रियों की समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों के निराकरण के साथ स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे और कार्यालयों के बेहतर प्रबंधन पर रहेगा जोर।
बिलासपुर, 21 अक्टूबर 2026/रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर के कुल 216 रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस क्रम में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर प्रातः 10 बजे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित होगा। चांपा रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू तथा उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन की उपस्थिति में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता को बढ़ावा देने, लंबे समय से लंबित संदर्भों एवं शिकायतों का निपटारा करने, अभिलेखों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने, कार्यालयीन स्क्रैप एवं ई-कचरे के नियमानुसार निस्तारण तथा नियमों एवं प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत लंबित संदर्भों की समीक्षा कर उनके निपटारे की कार्रवाई की जा रही है तथा भौतिक फाइलों की समीक्षा कर अनुपयोगी फाइलों की छंटाई की जा रही है। कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों एवं अन्य परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ स्वच्छता गतिविधियों की नियमित निगरानी भी की जा रही है। इन प्रयासों से कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा अनुपयोगी सामग्री एवं स्क्रैप के निस्तारण से राजस्व प्राप्त करने में भी सहायता मिल रही है।
यात्रियों से संवाद कर लिए जाएंगे महत्वपूर्ण सुझाव
कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल यात्रियों, युवाओं तथा आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता तथा अन्य रेल सेवाओं से संबंधित अनुभवों, सुझावों एवं शिकायतों को सुना जाएगा। प्राप्त प्रतिक्रियाओं एवं शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रभावी फीडबैक व्यवस्था और शिकायत निवारण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों द्वारा स्टेशनों एवं ट्रेनों में भी नियमित रूप से जनसंवाद किया जा रहा है। यात्रियों से प्राप्त सुझावों का उपयोग रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, जवाबदेह एवं यात्री-केंद्रित बनाने के लिए किया जाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि वे 22 अक्टूबर को आयोजित ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें तथा रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करें। यात्रियों की सहभागिता, सकारात्मक सुझाव और शिकायतों का समयबद्ध निवारण रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
