


दपूमरे, नागपुर मंडल – भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज, विशेषकर नई पीढ़ी को “विकसित भारत” के संकल्प से जोड़ने का सशक्त अभियान भी बन चुकी है। इसी उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छिंदवाड़ा, नैनपुर एवं बालाघाट में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से भविष्य के आधुनिक, स्वच्छ, हरित एवं विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन की प्रेरणादायी तस्वीर प्रस्तुत की।


इस अवसर पर छिंदवाड़ा के बालाजी पब्लिक स्कूल, भारत भारती स्कूल एवं विज्डम पब्लिक स्कूल, नैनपुर के ज्ञान ज्योति स्कूल, सरस्वती स्कूल एवं रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल तथा बालाघाट के संदीपनी स्कूल, सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल एवं महर्षि विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।


प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को “मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा” तथा “विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान” जैसे प्रेरणादायी विषय दिए गए। बच्चों ने अपने निबंधों में आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, हरित ऊर्जा, बेहतर यात्री सुविधाओं एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को प्रभावशाली शब्दों में व्यक्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में उनकी रंगों से सजी कल्पनाओं ने ऐसे रेलवे स्टेशनों का चित्र प्रस्तुत किया, जो सुविधा, सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार का उत्कृष्ट संगम दिखाई दिए। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच ने यह संदेश दिया कि विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
‘सेल्फी विद स्टेशन’ गतिविधि ने बढ़ाया उत्साह –
कार्यक्रम के दौरान आयोजित “सेल्फी विद स्टेशन” गतिविधि विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे छिंदवाड़ा, नैनपुर एवं बालाघाट रेलवे स्टेशनों की आधुनिक छवि के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर रेलवे के आधुनिकीकरण और विकसित भारत के अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में रेलवे के बदलते स्वरूप के प्रति गर्व और अपनत्व की भावना को और अधिक सशक्त किया।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं तीनों स्टेशन –
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का लगभग 17.23 करोड़, नैनपुर रेलवे स्टेशन का लगभग 17.86 करोड़ तथा बालाघाट रेलवे स्टेशन का लगभग 8.03 करोड़ की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है।
इन स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण एवं विस्तार, विशाल एवं आरामदायक प्रतीक्षालय, बेहतर बैठने की व्यवस्था, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएँ, स्वच्छ पेयजल, उन्नत शौचालय, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल अधोसंरचना सहित अनेक अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है। इन कार्यों से स्टेशन केवल यात्रा के केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन संवर्धन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाले आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो रहे हैं।
श्रेष्ठ प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान –
विद्यालय प्रबंधन एवं रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का प्रयास सराहनीय रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेलवे केवल आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित नहीं कर रही है, बल्कि देश की युवा पीढ़ी को विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का सहभागी भी बना रही है। विद्यार्थियों की कल्पनाओं, विचारों और उत्साह ने यह सिद्ध कर दिया कि “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा वर्ग, इस परिवर्तन का सक्रिय भागीदार बनेगा।
