रायगढ़ 24 मार्च।रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस जनों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को शहर में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही, सट्टा ,जुआ , नशाखोरी, नशे के कारोबार सहित बढ़ते आपराधिक गतिविघियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की कार्यवाही हेतु ज्ञापन सौंपा गया।
उक्त ज्ञापन के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया कि प्रतिदिन रात 12 बजे के बाद ओवरलोड वाहनों को तेज रफ्तार से शहर की सड़कों में प्रवेश करते देखा जा रहा जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है ऐसी गतिविधियों से पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं घटित हो चुकी है और अभी कुछ ही दिनों पूर्व भी चक्रधर नगर क्षेत्र में एक ओवरलोड ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई थी ।
यदि यथासमय ऐसे तेज रफ्तार ओवरलोड वाहनों पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने की संभावना है जिसे रोका जाना अत्यंत जरुरी है।
वहीं क्षेत्र में असामाजिक तत्वों व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में कानून का डर नहीं होने की वजह से रेत माफिया, अवैध शराब,चोरी सट्टा,जुआ,ड्रग्स,गांजा अफीम जैसे नशे के कारोबार करने वालों को बल मिल रहा है जिससे आपराधिक मामले में दिनों दिन वृद्धि हो रही है और जनसामान्य के जीवन में बाधाएँ उत्पन्न हो रही हैं ओवरलोड वाहनों का कड़ाई से रोकथाम करना अत्यंत आवश्यक है वरना दुर्घटना को दावत देने के समान है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव के साथ सभी कांग्रेस जनों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग किया गया कि उपरोक्त सभी अनैतिक,अवैधानिक, आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की दिशा में सख्त कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं ।
उक्त ज्ञापन को पुलिस अधीक्षक महोदय के समक्ष प्रस्तुत करने में मुख्यत: जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला,महामंत्री संदीप अग्रवाल, ब्लाक अध्यक्ष आशीष चौबे, लोकेश साहू सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
