

बिलासपुर:- 14 मई, 2026/ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के प्रधान वित्त सलाहकार, श्री मो.जावेद मजहर ने आज दिनांक 14.05.2026 को राजभाषा विभाग के मुख्य राजभाषा अधिकारी का अतिरिक्त पदभार ग्रहण किया । मुख्य राजभाषा अधिकारी के रूप में श्री शिवशंकर लकड़ा, मुख्य सामग्री प्रबंधक-।, द.पू.म.रेलवे, बिलासपुर का कार्यकाल समाप्त होने पर, उनके स्थान पर रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा श्री मो. जावेद मजहर को अगले 01 वर्ष के लिए मुख्य राजभाषा अधिकारी, द.पू.म.रेलवे का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का राजभाषा विभाग, मुख्य राजभाषा अधिकारी, प्रधान कार्यालय, बिलासपुर के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत कार्य करता है । इस विभाग को हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद, हिंदी प्रशिक्षण और राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ संघ सरकार की राजभाषा नीति के कार्यान्वयन का कार्य सौंपा गया है। मुख्य राजभाषा अधिकारी का पदभार ग्रहण करने के अवसर पर श्री शिवशंकर लकड़ा, पूर्व मुख्य राजभाषा अधिकारी, श्री पीताम्बर लाल जाटवर, राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) तथा राजभाषा विभाग, प्रधान कार्यालय, बिलासपुर के समस्त कार्मिकों ने श्री मो.जावेद मजहर का स्वागत किया और शुभकामनाएँ दी ।
**********
