
स्टेशन व ट्रेनों के यात्रियों को मिल रही है पर्याप्त एवं शीतल पेयजल सुविधा
बिलासपुर – 05 मई 2026/ग्रीष्म ऋतु के दौरान रेल यात्रियों को पर्याप्त, स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु बिलासपुर रेल मंडल द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रशासन ने एक सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं वेलफेयर एसोसिएशनों के सहयोग से निःशुल्क “प्याऊ” स्थापित किए जाने को प्रोत्साहित किया है।
इस पहल के तहत मंडल के प्रमुख स्टेशनों—रायगढ़, सक्ती, शहडोल, बीरसिंहपुर, बुढ़ार, बिजुरी उमरिया एवं बेलपहाड़ —पर समाजसेवी संस्थाओं द्वारा प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। इन प्याऊ केंद्रों के माध्यम से प्लेटफार्म पर उपस्थित यात्रियों के साथ-साथ ट्रेनों के कोचों के समीप जाकर भी यात्रियों को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिल रही है।
समाजसेवी संस्थाओं द्वारा ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों को पानी पिलाने एवं उनकी खाली बोतलों में शीतल जल भरने का कार्य भी सक्रिय रूप से किया जा रहा है। इस सेवा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मंडल से होकर गुजरने वाली किसी भी ट्रेन का कोई भी यात्री प्यासा न रहे।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का इस प्रकार आगे आकर सहयोग करना अत्यंत प्रेरणादायक है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गर्मी के मौसम में पेयजल की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी संस्थाओं को भी इस दिशा में सक्रिय सहयोग हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिकतम सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
रेल प्रशासन द्वारा ऐसे इच्छुक संस्थानों एवं व्यक्तियों को स्टेशन परिसरों में निःशुल्क प्याऊ स्थापित करने हेतु त्वरित अनुमति प्रदान की जा रही है। इच्छुक व्यक्ति/संस्थान संबंधित स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक अथवा स्टेशन प्रबंधक से संपर्क कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बन सकते हैं।
