Friday, October 23, 2026
HomeRaigarhदक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के भंडारा रोड स्टेशन पर ऑटोमैटिक...

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के भंडारा रोड स्टेशन पर ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन (AVM) की सुविधा शुरू, यात्रियों को मिल रही आधुनिक एवं त्वरित सेवा ।

दपूमरे, नागपुर मंडल – 06 मई 2026/दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत भंडारा रोड स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन की शुरुआत की गई है। इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही त्वरित रूप से ठंडे पेय पदार्थ उपलब्ध हो रहे हैं।

यह ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर स्थापित की गई है और पूरी तरह से स्वचालित प्रणाली पर कार्य करती है। यात्री बिना किसी कतार में लगे, कुछ ही समय में मशीन के माध्यम से आसानी से पेय पदार्थ प्राप्त कर सकते हैं। इससे यात्रियों का समय बच रहा है और उन्हें अधिक आरामदायक व सुविधाजनक सेवा मिल रही है।

स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस आधुनिक सुविधा को प्रारंभ किया गया है, जिससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

इस अवसर पर नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन जैसी स्वचालित सेवाएं इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस पहल से स्टेशन पर सेवा गुणवत्ता में सुधार होने के साथ-साथ रेलवे की डिजिटल एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।

रेल प्रशासन द्वारा भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे और आधुनिक प्रावधान किए जाने की योजना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सरल और तेज सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

RELATED ARTICLES
spot_img