Sunday, October 25, 2026
HomeRaigarhबिलासपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत जन-जागरूकता रैली...

बिलासपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन

बिलासपुर – 18 मई 2026/दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत 15 मई से 5 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान केवल एक दिवस तक सीमित न होकर विस्तारित अवधि में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जागरूकता, संवाद एवं व्यवहार परिवर्तन पर आधारित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में आज दिनांक 18 मई 2026 को प्रातः 07 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर परिसर से बिलासपुर स्टेशन परिसर तक “जलवायु परिवर्तन” (Climate Change) विषय पर प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवक तथा सिविल डिफेंस के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री जे. एस. मीना, श्री के. श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री दीपक ठाकुर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री साकेत रंजन, मंडल पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक श्री एस. साईं रमेश सहित विभिन्न विभागों के लगभग 240 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बिलासपुर स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्परिणामों, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा पर्यावरण संरक्षण के उपायों को जनसामान्य तक पहुँचाया गया। नुक्कड़ नाटक की जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने एवं वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने बेहतर एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए पौधारोपण एवं पौधों की देखरेख का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से स्थापित सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ उपस्थित यात्रियों एवं आगंतुकों ने सेल्फी लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत बिलासपुर मंडल के बिलासपुर, उसलापुर, अनूपपुर, शहडोल, चांपा, रायगढ़, अंबिकापुर एवं उमरिया सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर “जलवायु परिवर्तन” (Climate Change) विषय पर प्रभात फेरी एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान यात्रियों एवं आमजन को पोस्टर, बैनर एवं जनसंदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत आज यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने हेतु भी विशेष रूप से प्रेरित किया गया । रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को डिजिटल टिकट के लाभों जैसे समय की बचत, कागज की खपत में कमी, पर्यावरण संरक्षण एवं सुविधाजनक यात्रा के संबंध में जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें अधिकाधिक डिजिटल टिकटिंग का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया ।

RELATED ARTICLES
spot_img